E-Rickshaw overturned: अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर शहर के गायत्री हॉस्पिटल के सामने दोपहर को हुआ हादसा, ई-रिक्शा में लोड थी सब्जियां
अंबिकापुर। शहर तथा शहर से निकलने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बेहिसाब गड्ढे हैं। इन गड्ढों की वजह से वाहन चालकों की हर दिन दुर्दशा हो रही है। गड्ढों में हिचकोले खाते हुए वे अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। इस दौरान वे सत्ता में बैठे लोगों को कोसते नजर आते हैं। गड्ढों की वजह से दुर्घटनाओं में भी इजाफा हो गया है। इसी बीच शनिवार की दोपहर शहर के पीजी कॉलेज मैदान के पास बनारस मार्ग पर गड्ढों में पडक़र एक ई-रिक्शा पलट (E-Rickshaw overturned) गया। उसमें सब्जियां लोड थीं। राहगीर उसे देखते रहे, लेकिन अधिकांश लोगों ने मदद नहीं की। बाद में कुछ लोगों की मदद से ई-रिक्शा को उठाया गया।
शहर के गायत्री हॉस्पिटल के सामने बनारस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। यहां पहुंचते ही वाहनों की रफ्तार थम जाती है। बारिश में इन गड्ढों में जहां पानी भर जाता है, वहीं धूप निकलने पर धूल उडऩे लगती है।
इस स्थान पर वाहन चालक हिचकोले खाते हुए निकलते हैं। कई बार यहां जाम की स्थिति भी बन जाती है। दुर्घटनाएं भी आम हो चली हैं।
गड्ढों की मरम्मत के नाम पर बड़ी गिट्टियां व स्टोन डस्ट डाले जाते हैं, लेकिन 3-4 दिन में स्थिति फिर वही हो जाती है और लोग परेशान रहती हैं। इसी बीच शनिवार की दोपहर उक्त स्थल पर हादसा हो गया।
E-Rickshaw overturned: पलट गया ई-रिक्शा
पीजी कॉलेज मैदान के पास बनारस मार्ग पर शनिवार की दोपहर सब्जियों से लोड एक ई-रिक्शा पलट गया। वह शहर से गांधीनगर की ओर जा रहा था। इस दौरान थोड़ी देर के लिए भारी वाहनों के पहिए थम गए। करीब 15 मिनट बाद ई-रिक्शा को उठाकर गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
