Breaking News: पुलिस हिरासत में चोरी के एक आरोपी की मौत हो गई। वहीं परिजनों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से उसकी मौत हुई है। घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया और किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
बलरामपुर। Big Breaking News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पुलिस हिरासत में चोरी के एक आरोपी की मौत हो गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी को चोरी के जेवर बरामद करने के लिए लेकर गई थी, तभी रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं परिजनों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से उसकी मौत हुई है। घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया और किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
चोरी के मामले में गिरफ्तार था आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम उमेश सिंह था, जो सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नकना का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह सिकलसेल बीमारी से पीड़ित था और उसे कई बार ब्लड भी चढ़ाया जा चुका था। उमेश को पुलिस ने हाल ही में बलरामपुर में हुई बड़ी ज्वेलरी चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। यह चोरी 30-31 अक्टूबर 2025 की रात हुई थी, जब पिकअप वाहन से पहुंचे चोरों ने दुकान का शटर उठाकर सोने-चांदी के जेवर और करीब 3.50 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे।
Big Breaking News: ये आरोपी गिरफ्तार
चोरी की गंभीरता को देखते हुए एसपी वैभव बैंकर ने एएसपी विश्वदीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया था। टीम ने सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी व स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच के बाद पुलिस ने शिव कुमार लांजा राम (18), सूरज सिंह (19), वेद सिंह (21) और सूर्या गिरी (19) को सीतापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इसके अलावा कुल 9 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें उमेश सिंह भी शामिल था।
हिरासत के दौरान बिगड़ी तबीयत
पुलिस के अनुसार, आरोपी उमेश सिंह को जेवर बरामद करने के लिए सीतापुर ले जाया गया था। आज सुबह करीब 4 बजे जब पुलिस उसे लेकर बलरामपुर लौट रही थी, तभी उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि उमेश को सुबह 4.20 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया और 4.45 बजे उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाई पिटाई का आरोप, जांच की मांग
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उमेश की मौत पुलिस की पिटाई से हुई है। उनका कहना है कि पूछताछ के दौरान उसे बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
थाने में बढ़ाई गई सुरक्षा, भीड़ जुटने की आशंका
घटना के बाद बलरामपुर थाने में हड़कंप मच गया है। किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए थाने और अस्पताल परिसर के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि एक साल पहले भी इसी थाने में एक स्वास्थ्यकर्मी की हिरासत में मौत के बाद लोगों ने थाने पर हमला कर दिया था। उस घटना के बाद से पुलिस प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।
अन्य जिलों में भी किया था चोरी का प्रयास
जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह 22 अक्टूबर 2025 को सूरजपुर जिले के एक ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी में भी शामिल था। पुलिस ने अब तक गिरोह के अधिकांश सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश पुलिस कर रही है।






