छत्तीसगढ़ में पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड, इन जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी, IMD ने दी चेतावनी

On: Friday, November 14, 2025 4:24 PM
छत्तीसगढ़ में पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड, इन जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी, IMD ने दी चेतावनी
ad

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया है।

रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया है। उर-पूर्वी दिशा से लगातार आ रही शुष्क और अत्यधिक ठंडी हवाओं ने पूरे राज्य में सर्दी के तेवर और ज्यादा कड़े कर दिए हैं। राजधानी रायपुर में भी इस वर्ष ठंड ने अपने कई साल पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए लोगों को कंपकंपी छुड़ाई है।

छत्तीसगढ़ में शीतलहर के लिए जारी हुआ येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी चार दिनों के लिए राज्य के उत्तर और मध्य भागों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। येलो अलर्ट के मुताबिक इन क्षेत्रों में रात के समय तापमान में और गिरावट हो सकती है तथा सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रह सकती है। हालांकि अभी प्रदेश के अन्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद मौसम में हल्की गर्माहट लौट सकती है।

रायपुर सहित कई जिलों में घने कोहरे की चादर

पिछले दो दिनों से राजधानी रायपुर, दुर्ग–भिलाई, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई जिलों में सुबह-सुबह घना कोहरा छा रहा है। धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित हो रही है और लोगों को सुबह के वक्त सड़क पर सफर करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। कोहरे के साथ चल रही शुष्क और तीखी हवा के कारण दिनभर भी ठंड का असर बना हुआ है।

Read More: सूरजपुर में दर्दनाक हादसा: ओवरलोड ट्रैक्टर ने डेढ़ साल के मासूम को रौंदा, मौके पर ही मौत, पसरा मातम

कौन-कौन से जिले शीतलहर की चपेट में?

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के प्रभाव के चलते छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में शीतलहर के हालात बनने लगे हैं। आगामी दिनों में इन जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।

रायपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर, गौरेला–पेंड्रा–मरवाही। इन जिलों में न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे जा रहा है, जिससे किसानों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई है।

उत्तर से आ रही ठंडी हवा बनी वजह

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में उत्तर की ओर से शुष्क और तीखी ठंड हवाएं लगातार पहुंच रही हैं। यही वजह है कि रात और सुबह के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। इन हवाओं के प्रभाव से कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बन गई है। सरगुजा संभाग, अंबिकापुर, दुर्ग और राजनांदगांव में लोगों को ज्यादा सर्दी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में नमी बढ़ेगी, जिससे ठंडी हवाओं का असर कम होगा। हालांकि नमी बढ़ने के बाद भी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम अगले एक सप्ताह तक शुष्क ही बना रहेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में बढ़ोतरी होने से सुबह और देर रात की सर्दी धीरे-धीरे कम होने लगेगी।

अंबिकापुर सबसे ठंडा

तापमान के आंकड़ों की बात करें तो इस समय अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर बना हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से काफी कम है। अधिकतम तापमान भी 26.9 डिग्री के आसपास है। वहीं रायपुर में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माना क्षेत्र का तापमान 11 डिग्री पहुंच गया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now