Cooker blast: दशगात्र के दौरान खाना बनाते समय प्रेशर कुकर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस घटना में मृतक की बहू और साली गंभीर रूप से झुलस गईं।
बलरामपुर। Cooker blast: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे गांव को दहला दिया। ग्राम सिलाजू में दशगात्र के दौरान खाना बनाते समय प्रेशर कुकर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस घटना में मृतक की बहू और साली गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना प्रेम कुमार यादव के घर पर आयोजित दशगात्र कार्यक्रम के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, प्रेम कुमार के पिता का दस दिन पहले निधन हुआ था और शनिवार को उनके दसवें दिन का संस्कार चल रहा था। शाम को भोजन की तैयारी की जा रही थी, तभी रसोई में मौजूद सुषमा यादव (30 वर्ष) और उनकी मौसी फुलवा देवी (50 वर्ष) प्रेशर कुकर में खाना (Cooker blast) पका रही थीं। इसी बीच बिना किसी चेतावनी के कुकर तेज धमाके के साथ फट पड़ा। विस्फोट इतना अचानक था कि दोनों महिलाएं संभल भी नहीं पाईं।
चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें
प्रेशर कुकर का ढक्कन व उबलता पानी पास खड़ी महिलाओं पर गिरा, जिससे दोनों के चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। धमाका सुनकर परिजन व आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत घायलों को रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक, सुषमा यादव की स्थिति अधिक गंभीर है। उनके चेहरे पर गहरे जलन के निशान हैं और आंखों में सूजन के चलते वे खोल भी नहीं पा रही हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर (Cooker blast) कर दिया है। वहीं, फुलवा देवी को रामानुजगंज अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।






