Bus Accident: आंध्र प्रदेश के चित्तूर में 35 यात्रियों से भरी बस खाई में गिर गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
कोंटा/सुकमा। Bus Accident Maredumilli Ghat: छत्तीसगढ़ के कोंटा क्षेत्र से लगे आंध्र प्रदेश के मारेडमिल्ली घाट में शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। अरुकु से रायलसीमा के चित्तूर जा रही एक प्राइवेट ट्रेवल्स बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना सुकमा जिले से सटे सीमा क्षेत्र में होने के कारण आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस तेज ढलान वाले मारेडमिल्ली घाट से गुजर रही थी, तभी अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस खाई में गिर गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अब तक 9 शव बरामद किए गए हैं
चूंकि घटना स्थल पहाड़ी क्षेत्र में था जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, इसलिए सूचना मोथुगुंटा के अधिकारियों तक पहुंचने में कुछ समय लगा। मगर सूचना मिलते ही वो तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों को चिंतूर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अब तक 9 शव बरामद किए गए हैं और अधिकारियों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
Read More: JPL कोल ब्लॉक जनसुनवाई पर बवाल, अब ग्रामीणों ने समर्थकों को पहनाई जूते की माला, वायरल हुआ Video
हादसे पर सीएम नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने जिला अधिकारियों को मौके पर पहुंचने और पीड़ितों को हर संभव सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- अल्लूरी सीतारामाराजू जिले के चिंतूर के पास तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोग गहरे सदमे में हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस दुर्घटना में कई लोगों की जान चली गई। मैंने अधिकारियों से इस दुर्घटना के बारे में बात की और पीड़ितों को दी जा रही सहायता के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुझे उम्मीद है कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता मिलेगी।






