छत्तीसगढ़ में बढ़ी कंपकंपी… पशुओं की सुरक्षा को लेकर पशुपालन विभाग की एडवाइजरी, जानिए कैसे रखें सुरक्षित?

On: Wednesday, January 7, 2026 12:49 PM
छत्तीसगढ़ में बढ़ी कंपकंपी... पशुओं की सुरक्षा को लेकर पशुपालन विभाग की एडवाइजरी, जानिए कैसे रखें सुरक्षित?
ad

Weather News: जहां आम लोग ठंड से बचाव के लिए विभिन्न उपाय अपना रहे हैं, वहीं पशुओं को ठंड से बचाना पशुपालकों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। इसे देखते हुए पशुपालन विभाग ने पशुओं की सुरक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

अंबिकापुर। Weather News: प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अधिकांश जिलों में रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। प्रदेश में मैनपाट सबसे ठंडा क्षेत्र बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

ठंड का असर इतना बढ़ गया है कि कई इलाकों में ओस की बूंदें जमने लगी हैं। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट और 15 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। दोनों ही अलर्ट के साथ स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी भी जारी की गई है।

पशुओं की सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी

जहां आम लोग ठंड से बचाव के लिए विभिन्न उपाय अपना रहे हैं, वहीं पशुओं को ठंड से बचाना पशुपालकों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। इसे देखते हुए पशुपालन विभाग ने पशुओं की सुरक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अंबिकापुर स्थित पशुपालन विभाग के अतिरिक्त उप संचालक डॉ. सी. के. मिश्रा ने बताया कि ठंड के मौसम में पशुओं की विशेष देखभाल बेहद जरूरी है। उन्होंने पशुपालकों को कई उपाय अपनाने की सलाह दी है।

Weather News: ठंड में पशुओं के बचाव के उपाय

  1. ताज़ा पानी पिलाएँ- ठंड के मौसम में भी पशुओं को साफ और ताज़ा पानी दें। बहुत ठंडा या बासी पानी पशुओं के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
  2. रात में शेड में रखें- पशुओं को खुले में न छोड़ें और रात के समय सुरक्षित शेड में रखें।
  3. शेड को सूखा रखें- पशु शेड में नमी न रहने दें। गीली ज़मीन से सर्दी और बीमारियाँ बढ़ने की आशंका रहती है।
  4. पुआल बिछाएँ- शेड के फर्श पर सूखा पुआल या भूसा बिछाएँ, जिससे ठंड से बचाव हो सके।
  5. ठंडी हवा रोकें- शेड की खिड़कियों और दरवाज़ों पर पर्दे या बोरी लगाएँ, ताकि ठंडी हवा सीधे पशुओं पर न लगे।
  6. शरीर को ढकें- पशुओं की पीठ पर ऊनी कंबल या जूट का बोरा बाँधें, विशेषकर बछड़ों और बुज़ुर्ग पशुओं को।
  7. ऊर्जा युक्त आहार दें- ठंड के मौसम में पशुओं को अधिक ऊर्जा वाला आहार दें और दाने में मिनरल मिक्सचर अवश्य मिलाएं।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि इन उपायों को अपनाने से पशु स्वस्थ रहेंगे, ठंड से होने वाली बीमारियों से बचाव होगा और दूध उत्पादन भी प्रभावित नहीं होगा।

तापमान में दर्ज की गई गिरावट

आंकड़ों पर नजर डालें तो लालपुर में रविवार–सोमवार को जहां न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस था, वह सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात 11 डिग्री तक पहुंच गया। माना में पारा 12.1 डिग्री से गिरकर 7.0 डिग्री हो गया। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से घटकर 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर में तापमान 12.9 से घटकर 10.5 डिग्री सेल्सियस हो गया।

15 जनवरी के बाद मिलेगी राहत

मौसम विभाग का कहना है कि 15 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही ठंड के असर में भी कमी आने के आसार हैं। हालांकि तब तक प्रदेश के कई हिस्सों में सर्द मौसम बना रहेगा और गर्म कपड़ों की जरूरत बनी रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now