DA Hike: यह ऐलान राज्य कर्मचारी संघ के आठवें प्रदेश अधिवेशन के मंच से किया। इस फैसले के बाद अब छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।
रायपुर। DA Hike: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के लाखों अधिकारी-कर्मचारियों को बड़ी सौगात देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह ऐलान राज्य कर्मचारी संघ के आठवें प्रदेश अधिवेशन के मंच से किया। इस फैसले के बाद अब छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद कर्मचारी संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई है। अधिवेशन स्थल पर मौजूद कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने तालियों के साथ इस फैसले का स्वागत किया और इसे कर्मचारियों के हित में एक ऐतिहासिक निर्णय बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कही ये बात
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वे राज्य कर्मचारी संघ के अधिवेशन में शामिल होकर प्रसन्न हैं। इस दौरान केंद्र से आए कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों से भी उनकी मुलाकात हुई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने का निर्णय लिया है, जबकि कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों पर विचार के लिए समिति गठित कर चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश के कई राज्य अभी भी केंद्र सरकार के महंगाई भत्ते की दर से पीछे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए केंद्र के बराबर डीए देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील है और भविष्य में भी समय-समय पर कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े फैसले लिए जाते रहेंगे।
कर्मचारी संगठनों में खुशी की लहर
वहीं कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला सरकार की सकारात्मक सोच और कर्मचारियों के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अन्य लंबित मांगों पर भी सरकार सकारात्मक कदम उठाएगी।
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से राज्य के लाखों कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। खासतौर पर बढ़ती महंगाई के दौर में यह फैसला कर्मचारियों की क्रय शक्ति को मजबूत करने वाला माना जा रहा है।






