जांजगीर-चांपा। Vedanta Plant Accident Update: वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे में अब तक 19 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 17 श्रमिक घायल हैं। प्रबंधन द्वारा 17 मृतकों की पहचान कर सूची जारी कर दी गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और कलेक्टर अमृत विकास टोपनो एवं पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर से संपर्क में रहकर आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रशासन के साथ समन्वय कर रहे हैं।
Vedanta Plant Accident Update: रेस्क्यू अभियान प्रारंभ
घटना के बाद प्रशासनिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज और अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के कालड़ा अस्पताल रेफर किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र को बैरिकेड कर दिया गया है।
CM के निर्देश से घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध
कलेक्टर ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है तथा पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को उनके गृहग्राम तक एम्बुलेंस से भेजने की व्यवस्था की गई है। साथ ही तत्काल सहायता राशि भी प्रदान की जा रही है।
प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया है कि घायल श्रमिकों को पूरी तरह स्वस्थ होने तक बिना उपस्थिति के वेतन दिया जाएगा। मुआवजे को लेकर कंपनी और प्रशासन के बीच सहमति बन चुकी है। घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जांच टीम जल्द ही स्थल का निरीक्षण करेगी। रेस्क्यू कार्य में एसडीआरएफ की टीम भी लगातार जुटी हुई है।
मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि
राज्य सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि घोषित की गई है। वहीं केंद्र सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि स्वीकृत की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुल 36 श्रमिक इस हादसे से प्रभावित हुए हैं, जिनमें 19 की मृत्यु हो चुकी है और 17 का उपचार जारी है। कंपनी प्रबंधन ने भी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। इसके तहत मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपये एवं रोजगार सहयोग दिया जाएगा, जबकि घायलों को 15 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही घायलों के पूरी तरह स्वस्थ होने तक वेतन और काउंसलिंग सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
Vedanta Plant Accident Update: मृतकों के नाम
हादसे में मृतकों में छत्तीसगढ़ के 5, बिहार के 2, झारखंड के 3, पश्चिम बंगाल के 5 तथा उत्तर प्रदेश के 2 मजदूर शामिल हैं। मृतकों के नाम इस प्रकार हैं-
- रितेश कुमार (सोनबर्शा, भागलपुर, बिहार),
- अमृत लाल पटेल (मंझापारा, डभरा, सक्ती, छत्तीसगढ़),
- थंडा राम लहरे (मालखरौदा, सक्ती, छत्तीसगढ़),
- तरुण कुमार ओझा (सिंदरी, धनबाद, झारखंड),
- आकिब खान (दरभंगा, बिहार),
- सुसांत जना (पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल),
- अब्दुल करीम (झारखंड),
- उधव सिंह यादव (रायगढ़, छत्तीसगढ़),
- शेख सैफुद्दीन (हल्दिया, पश्चिम बंगाल),
- पप्पू कुमार (सोनभद्र, उत्तर प्रदेश),
- अशोक परहिया (पलामू, झारखंड),
- मनस गिरी (पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल),
- बृजेश कुमार (सोनभद्र, उत्तर प्रदेश),
- रामेश्वर महिलांगे (जांजगीर–चांपा, छत्तीसगढ़),
- कार्तिक महतो (पुरुलिया, पश्चिम बंगाल),
- नदीम अंसारी (सक्ती, छत्तीसगढ़),
- शिबनाथ मुर्मू (पुरुलिया, पश्चिम बंगाल)।
