Stabbing: ग्राम पंचायत शंकरपुर में घर में अकेली महिला पर दो अज्ञात युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बिश्रामपुर। Stabbing: सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में गुरुवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत शंकरपुर में घर में अकेली महिला पर दो अज्ञात युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शंकरपुर निवासी अमर सिंह गुरुवार को जरही में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता देखने गया हुआ था। उस समय उसकी 28 वर्षीय पत्नी सिरमेन सिंह घर पर अकेली मौजूद थी। इसी दौरान दो अज्ञात युवक घर में घुस आए और महिला पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने महिला के सिर, पेट, हाथ और सीने पर करीब छह वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में गिर पड़ी। महिला की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया।
Stabbing: जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि घायल महिला अमर सिंह की दूसरी पत्नी है। घटना की सूचना देर शाम लटोरी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। चाकूबाजी की इस घटना से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।






