सीएम के दरबार में पहुंचा युवक बोला-हुजूर…, मेरी बीवी खोज दीजिए, 6 महीने से है लापता

On: Thursday, August 8, 2024 5:33 PM
ad

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन में आम लोगों ने गुरुवार को अपनी-अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए गुहार लगाई। रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार सुबह 11 बजे से जनदर्शन का आयोजन किया गया। रिमझिम बारिश के बीच बड़ी संख्या में अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री साय को सुनाने के लिए जुटे। इनमें से एक पंडवानी गायिका शांति बाई चेलक भी थी। उन्होंने सीएम से पद्मश्री के लिए अनुशंसा करने का आग्रह किया। वहीं एक शख्स राजनांदगांव से पहुंचा जिसने लापता पत्नी की खोज-खबर लगाने की गुहार सीएम से लगाई। इस जनदर्शन में अलग-अलग विभागों से जुड़े अफसर मौजूद रहे।

पंडवानी गायिका को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए शासन प्रतिबद्ध है। हमारी प्रख्यात पंडवानी गायिका तीजन बाई जी को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री ने जनदर्शन में तिरंगा झंडा देकर पंडवानी गायिका शांति बाई चेलक को सम्मानित किया।

हर घर तिरंगा अभियान का किया शुभारंभ
जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन कार्यक्रम में आए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित कर हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता सप्ताह 9 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सभी भारतीय नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज अपने घर पर फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

साहब मेरी पत्नी को ढूंढ दो
जनदर्शन में राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव के रहने वाले नंदकिशोर ने अपनी पीड़ा मुख्यमंत्री साय को बताई। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी पिछले 6 महीने से लापता है। पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक कुछ खबर नहीं मिल पाई है। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को सुनकर राजनांदगांव के एसपी को फोन किया और खोज-खबर के निर्देश दिए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a comment