Minimata Bango dam full: 20 घंटे के भीतर बांगो बांध के खोल दिए गए आठों गेट, हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है 40 हजार 904 क्यूसेक पानी, निचली बस्तियों में कराई जा रही मुनादी

कोरबा। इस बार छत्तीसगढ़ में जमकर बारिश हुई। पड़ोसी जिले कोरिया और सूरजपुर में लगातार हो रही तेज बारिश से मिनीमाता बांगो बांध में पानी भर गया है। पानी बांध के उपर से छलक रहा है। इसे देखते हुए गुरुवार की दोपहर 4 तथा शुक्रवार की सुबह 4 और गेट खोल दिए गए है। आठों गेट से पानी छोडऩे के कारण प्रशासन ने निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है।

हम आपको बता दें कि बांगो बांध (Minimata Bango dam full) से 40 हजार 904 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा बांगो हाइड्रल प्लांट से भी 9 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

बांगो बांध से छोड़ा गया पानी 8 घंटे बाद दर्री के हसदेव बरॉज में पहुंच चुका है, यहां के भी गेट खोल कर हसदेव में पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।

गौरतलब है कि कोरबा सहित बांध के कैचमेंट एरिया में आने वाले कोरिया जिले में भी पिछले कुछ दिनों तेज बारिश हो रही है। हसदेव और इसकी सहायक नदियों में जलस्तर बढ़ गया है।

पिछले कुछ दिनों से कोरिया, सूरजपुर और कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा व कटघोरा में भारी बारिश की वजह से मिनीमाता बांगो बांध (Minimata Bango dam full) में जल स्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

बांध की कुल जल भराव क्षमता 359.50 मीटर है। वर्तमान में बांध में जल स्तर 358.10 पर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान के करीब है। इसे देखते हुए सभी आठों गेट खोलने पड़े।

Also Read:

Minimata Bango dam full: 34 गांव को किया गया अलर्ट

गेट खोलने के बाद बांध के डूबान क्षेत्र में आने वाले 34 गांव को को अलर्ट किया गया है। इन गांव में जलस्तर बढऩे की आशंका है। प्रशासन द्वारा मुनादी कराकर ग्रामीणो को सतर्क रहने कहा गया है।

120 मेगावाट बिजली का उत्पादन

बांगो बांध (Minimata Bango dam full) लबालब होने के बाद शुक्रवार की सुबह 4 गेट खोले गए हैं। वहीं बांध के पानी से यहां स्थित हाइड्रल संयंत्र की तीनों इकाइयां फुल लोड पर चलाई जा रही हैं।

यहां से 120 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। हाइड्रल प्लांट से 9 हजार क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। बांगो हाइड्रल प्लांट में 40-40 मेगावाट की तीन इकाइयां हैं।