Food Poisoning: फूड पॉइजनिंग की घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग बीमार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अस्पताल पहुंचीं और मरीजों का हालचाल जाना।
सूरजपुर। Food Poisoning: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भांडी गांव में फूड पॉइजनिंग की घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग बीमार हो गए। मृतक महिलाओं के परिवार में कुछ दिनों से दस्त और उल्टी की शिकायत थी, और अचानक स्थिति बिगड़ने पर दोनों महिलाओं की जान चली गई।
हालचाल जानने अस्पताल पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
घटना की जानकारी मिलते ही महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अस्पताल पहुंचीं और मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
11 मरीजों का इलाज शुरू
स्वास्थ्य विभाग ने गांव में विशेष कैंप लगाकर तुरंत उपचार शुरू कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 11 मरीजों का इलाज शुरू किया गया है, जिनमें से छह मरीज भैयाथान अस्पताल में भर्ती हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन मरीजों की स्थिति में सुधार हो रहा है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में साफ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है और ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।






